मुजफ्फरनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को एसडी कन्या इंटर कॉलेज, झांसी की रानी, मुजफ्फरनगर में जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 27 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर भाषण के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति और वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, पूर्व जिला मंत्री रेणु गर्ग और विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सविता सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के सुपर नोडल अधिकारी कैप्टन प्रवीण चौधरी, जिला संयोजक विशाल गर्ग, मंडल अध्यक्ष दीपक मित्तल, प्रवीण खेड़ा, अमित शास्त्री, हरीश गुप्ता, दिनेश गौतम, मोनाली पवार, हिमानी कक्कड़, मोनिका धीमान और युवा मोर्चा के दीपांकर गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी आशीष द्विवेदी, पर्यवेक्षक रणवीर सिंह और सुपर नोडल अधिकारी कैप्टन प्रवीण चौधरी ने अतिथियों का पटका पहनाकर एवं बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक विशाल गर्ग ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों, युवाओं और समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार और उनकी सक्रिय भागीदारी 2047 के भारत की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में फरहाना पुत्री एहजाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तन्वी जैन पुत्री लोकेश कुमार और जिया पुत्री अफजाल ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। नरगिस पुत्री शहजाद तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में ममता रानी, राजकीय इंटर कॉलेज, रीना यादव, एसडी कन्या इंटर कॉलेज, साक्षी देशवाल, राजकीय इंटर कॉलेज पुरकाजी और डॉ. अनुराधा, जवाहरलाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज रवापुरी सठेड़ी शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के भाषण, प्रस्तुतीकरण और विषय की समझ के आधार पर मूल्यांकन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सविता सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम संयोजिका डॉ. सविता सिंह ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतिभागियों से आगे भी इसी उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।














Leave a Reply