मुजफ्फरनगर। शिव सेना ने संभल में प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे शिव सेना नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाने पर नाराजगी जताई है। संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजकर नेताओं पर दर्ज मुकदमों को समाप्त करने की मांग की है। शिव सेना पदाधिकारियों का कहना है कि सनातन धर्म और हिंदुत्व के लिए कार्य करने वाले नेताओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई से हिंदू समाज में रोष है।
शिव सेना के पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा और मुरादाबाद मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी सहित अन्य लोगों के खिलाफ संभल में कार्रवाई का उल्लेख करते हुए संगठन ने कहा कि नेता प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इस दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए, जिससे संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। शिव सेना के जिला प्रमुख मुकेश त्यागी की ओर से दिए गए ज्ञापन में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया कि प्रदेश में हिंदुत्व और सनातन धर्म के लिए कार्य करने वाले नेताओं के खिलाफ इस प्रकार मुकदमे दर्ज नहीं किए जाने चाहिए। संगठन ने मुरादाबाद प्रशासन की ओर से नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों को समाप्त कराने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि शिवसेना के पदाधिकारी हिंदुत्व के मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य करते हैं। ऐसे में धार्मिक गतिविधियों से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते समय उचित दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए। संगठन ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई कराने की अपील की। ज्ञापन शिव सेना, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की ओर से दिया गया। इसमें मुख्यमंत्री से नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने के लिए संबंधित प्रशासन को निर्देश देने की मांग की गई है।














Leave a Reply