abhitak india

abhitakindia.com

एक नवंबर को ऐकी खेड़ा में होगा गुरु ग्रंथ चेतना समागम-20 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना-गुरुद्वारा प्रबंधन ने डीएम से की आयोजन में शामिल होने की अपील, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र के ग्राम ऐकी खेड़ा (बड़ीवाला) स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा बुड्ढा साहिब जी में आगामी एक नवंबर को विशाल गुरु ग्रंथ चेतना समागम आयोजित किया जाएगा। समागम में संत रणजीत सिंह खालसा ढडरियां वाले मुख्य वक्ता एवं प्रचारक के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, धार्मिक कार्यक्रम में जनपद सहित दूरदराज के क्षेत्रों से 15 हजार से 20 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए गुरुद्वारा प्रबंधन ने जिलाधिकारी को भी कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। साथ ही आयोजन के शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।
गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में बताया गया कि समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मुख्य वक्ता संत रणजीत सिंह खालसा ढडरियां वाले को शासन-प्रशासन की ओर से वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त होने का उल्लेख करते हुए आयोजकों ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारू रखने और अन्य आवश्यक प्रशासनिक इंतजाम करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने की मांग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। गुरुद्वारा प्रबंधन ने जिलाधिकारी से एक नवंबर को आयोजित होने वाले धार्मिक समागम में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है। आयोजकों ने प्रशासन से आवश्यक सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए व्यवस्थाओं का समय से निर्धारण जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *