मुजफ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को बुढ़ाना के प्राथमिक विद्यालय दुर्गनपुर में मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिला सुरक्षा, बाल अधिकारों और समाज में बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया।
शासन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने स्लोगन लेखन और चित्रकला के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों को रेखांकित किया। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के प्रति जागरूक किया गया। शिक्षकों ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी उपायों, अपने अधिकारों और किसी भी परेशानी की स्थिति में उचित माध्यम से शिकायत करने के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कक्षा पांच की छात्रा अंशिका को एक दिन का प्रधानाचार्य बनाना रहा। इस पहल के माध्यम से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। विद्यालय में आयोजित गतिविधियों ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर खुलकर अपनी बात रखने का अवसर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण सिंह कुशवाहा ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया। इस दौरान शिक्षिका श्रीमती कोमल शर्मा सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ और अन्य सहयोगियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।














Leave a Reply