abhitak india

abhitakindia.com

जेवर एयरपोर्ट का नाम महर्षि दयानंद के नाम पर रखने की मांग

खतौली। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महान समाज सुधारक महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर रखने की मांग को लेकर क्षेत्र के विभिन्न आर्य समाजों के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को उप जिलाधिकारी डॉ. ललित मिश्रा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने समाज में व्याप्त पाखंड, अंधविश्वास और अनेक कुरीतियों के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया। आर्य समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि महर्षि दयानंद ने सामाजिक सुधार के साथ-साथ देश में राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचारों से प्रभावित होकर अनेक लोगों ने सामाजिक और राष्ट्रीय आंदोलनों में भाग लिया। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि महर्षि दयानंद सरस्वती के योगदान और स्मृति को सम्मान देने के लिए जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखा जाए। उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण हवाई अड्डे का नामकरण महर्षि दयानंद के नाम पर किए जाने से उनके विचारों और सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि डॉ. राकेश कुमार आर्य, गौतमबुद्ध नगर और डॉ. धर्म प्रकाश आर्य, पलवल के निर्देशन में उत्तर प्रदेश की विभिन्न आर्य समाज संस्थाओं की ओर से यह मांग उठाई जा रही है। प्रतिनिधियों ने कहा कि महर्षि दयानंद के सामाजिक सुधार संबंधी कार्यों को देखते हुए उनके नाम को सम्मान दिया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में आर्य समाज के जिला प्रधान मुजफ्फरनगर सत्येंद्र आर्य, कौमी एकता कमेटी के अध्यक्ष अशोक शर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष कंवर पाल शास्त्री, पूर्व स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र खारी, जगदीश प्रधान, धीरेंद्र आर्य, महाराज सिंह आर्य, महिपाल सिंह आर्य, बृज गोपाल आर्य, रामानंद आर्य, मास्टर जयपाल सिंह, भूले राम आर्य, पंकज कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने एसडीएम से ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *