मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नए कप्तान के रूप मे कार्यभार ग्रहण करने के बाद आईपीएस सूरज राय ने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ी हर चुनौती का मुकाबला करते हुए कानून का राज स्थापित किया जाएगा। अपराध को शून्य तो नहीं किया जा सकता, लेकिन दोषियों को दंडित कराने के लिए हर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत के साथ वो समन्वय बनाकर पीड़ितों को न्याय दिलाने का काम करेंगे, लेकिन मीडियाकर्मी किसी भी खबर को सनसनीखेज बनाने के लिए तथ्यों से खिलवाड़ न करें।
यूपी के जौनपुर के मूल निवासी सूरज राय आईपीएस बनने से पहले इंजीनियरिंग थे। 2018 में आईपीएस बनने के बाद एएसपी मेरठ, सहारनपुर और आगरा की जिम्मेदारी निभाने के बाद डेढ़ साल पहले बागपत के एसपी बने थे। शासन ने दो दिन पहले एसएसपी संजय कुमार वर्मा को स्थानांतरित कर सूरज राय को मुजफ्फरनगर की कमान सौंपी थी। गुरूवार शाम को आईपीएस राय ने यहां पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया था। शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए एसएसपी सूरज राय ने कहा कि मुजफ्फरनगर जिला कई मायने में संवेदनशील है। इस लिहाज से पुलिस को किसी भी परिस्थिति से निपटने को तैयार किया जाएगा। कहा कि जिले में राजनैतिक, किसानों, सामाजिक संगठनों और मीडिया कर्मियों को साथ लेकर सुरक्षा का वातावरण तैयार किया जाएगा।
एसएसपी सूरज राय ने कहा कि कानून व्यवस्था की हर चुनौती को स्वीकार कर उनका मुकाबला किया जाएगा। शासन की प्राथमिकताओं पर अमल करने के साथ अपराधियों पर नकेल कसी जाएगी। जो भी बदमाश पुलिस पर गोली चलाने की हिमाकत करेगा, उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडिक और सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
















Leave a Reply