मुजफ्फरनगर। रोहन राठी हत्याकांड के पुलिस खुलासे को लेकर राष्ट्रीय लोकदल ने असंतोष जताया है। मंगलवार को पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने एसएसपी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री युवराज सिंह, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और नेता शामिल रहे। आरएलडी नेताओं ने एसएसपी के सामने कहा कि पुलिस की ओर से हत्याकांड का जो खुलासा किया गया है, वह अभी अधूरा है। मृतक के परिजन भी पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। परिवार को आशंका है कि वारदात में पुलिस के सामने आए आरोपियों के अलावा अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। नेताओं ने कहा कि मामले की तह तक पहुंचकर प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हत्याकांड जैसे गंभीर मामले में किसी भी स्तर पर जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। घटना से जुड़े सभी तथ्यों और संदिग्ध भूमिकाओं की जांच कर वास्तविक सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। आरएलडी नेताओं ने मांग की कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। नेताओं ने कहा कि रोहन राठी अपने परिवार का इकलौता बेटा था। ऐसे में उसकी हत्या ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि मामले में किसी भी निर्दाेष को परेशान न किया जाए, लेकिन वास्तविक दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा भी नहीं जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि जांच में जो बिंदु अभी अधूरे रह गए हैं, उन्हें अगले दो दिन में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच के शेष पहलुओं को भी सामने लाकर घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट की जाएगी। आरएलडी नेताओं ने एसएसपी से मांग की कि जांच को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाते हुए पीड़ित परिवार की शंकाओं का भी समाधान किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही हत्याकांड से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।














Leave a Reply