मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तांबा और एल्युमिनियम के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे-58 पर आयशर वर्कशॉप के पीछे खाली पड़े प्लॉट में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को मौके से दबोच लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का करीब 110 किलोग्राम एल्युमिनियम तार, घटना में प्रयुक्त वैगनआर और स्कॉर्पियो गाड़ी तथा पांच तमंचे बरामद हुए हैं। तमंचों के साथ पांच जिंदा और पांच खोखा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य ट्रांसफार्मर काटकर उसमें से कीमती तार निकालकर चोरी करते थे। पुलिस के मुताबिक, पांच सितंबर को अंसल टाउन, भोपा रोड स्थित 250 केवी के ट्रांसफार्मर से तार चोरी किए जाने की शिकायत मिली थी। सनराइज स्टेट मैनेजमेंट सर्विसेज के स्टेट मैनेजर दीपेश कुमार की तहरीर पर थाना नई मंडी में मुकदमा विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात नई मंडी पुलिस बागोवाली चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि करीब एक सप्ताह पूर्व ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला गिरोह हाईवे-58 पर आयशर वर्कशॉप के पीछे खाली प्लॉट में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम गोली लगने से घायल हो गए। वहीं चेतन चौधरी, अली उर्फ इकबाल अहमद और मोनिश खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गाजियाबाद और आसपास के जिलों के रहने वाले हैं। आरोपियों में चांद उर्फ समर निवासी मसूरी, गाजियाबाद, दानिश निवासी डासना, गाजियाबाद और कय्यूम निवासी डासना, गाजियाबाद शामिल हैं। इसके अलावा चेतन चौधरी निवासी चिपियाना बुजुर्ग, थाना बिसरख, गौतमबु(नगर, अली उर्फ इकबाल अहमद निवासी चिपियाना बुजुर्ग और मोनिश खान निवासी प्रताप विहार, थाना विजय नगर, गाजियाबाद को भी गिरफ्तार किया गया है। तीन आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम के खिलाफ गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ और अमरोहा समेत अन्य स्थानों पर चोरी, चोरी का माल बरामद होने, गैंगस्टर एक्ट, विद्युत अधिनियम और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। चांद उर्फ समर के खिलाफ अकेले कई थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ भी ट्रांसफार्मर चोरी के मुकदमे के साथ मुठभेड़ के बाद दर्ज किए गए नए मुकदमे में कार्रवाई की गई है। मुठभेड़ के बाद मुकदमा दर्ज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नई मंडी में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों का विस्तृत आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक संदीप चौधरी, गणेश कुमार शर्मा, नंदकिशोर कौशिक, संदीप धारीवाल, शेखर कंडपाल, संदीप कुमार समेत हेड कांस्टेबल सुशील, अनुज चौधरी, शीतल देव, प्रवेश तथा कांस्टेबल कुलदीप, हिमांशु, रोहित, मुनेश, दिनेश बाना, राजीव अत्री, नवीन और उर्वेश शामिल रहे।














Leave a Reply