लखनऊ/मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। तबादला सूची में अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारियों से लेकर जिलों के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल में मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार का भी तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अब सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। संजय कुमार को सेनानायक, 04वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सूरज कुमार राय अब तक बागपत के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। उन्हें मुजफ्फरनगर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उनके सामने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण की चुनौती होगी।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार 2013 बैच के आईपीएस यशवीर सिंह को पुलिस अधीक्षक बस्ती से हटाकर पुलिस अधीक्षक जौनपुर बनाया गया है। जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को पुलिस अधीक्षक, पीएसी मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है। 2014 बैच की आईपीएस रवीना त्यागी को पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में पुलिस उपायुक्त के पद से हटाकर पुलिस अधीक्षक बाराबंकी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कमलेश बहादुर को पुलिस अधीक्षक मऊ से हटाकर पुलिस अधीक्षक, लोक शिकायत, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है। ईराज राजा को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक बलिया बनाया गया है। वहीं सर्वेश कुमार मिश्रा को सेनानायक, 4वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज से पुलिस अधीक्षक मऊ की जिम्मेदारी दी गई है। विनय कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक जालौन से हटाकर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर बनाया गया है। वहीं सुरेश चंद्र रावत को अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा से पुलिस अधीक्षक जालौन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 2017 बैच के आईपीएस अर्पित विजयवर्गीय को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी से हटाकर पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ बनाया गया है। पूर्णेंदु सिंह, जो पुलिस अधीक्षक/स्टाफ ऑफिसर टू डीजीपी के पद पर तैनात थे, उन्हें पुलिस अधीक्षक बागपत बनाया गया है। मधुवन कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक नगर आजमगढ़ से पुलिस अधीक्षक हापुड़ भेजा गया है। चिराग जैन को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ से पुलिस अधीक्षक नगर बरेली और मानुष पारीक को पुलिस अधीक्षक नगर बरेली से पुलिस अधीक्षक नगर आजमगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। 1996 बैच के आईपीएस ए. सतीश गणेश अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के पद पर बने रहेंगे। उनके पास अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार भी था, जिसे अब अलग कर दिया गया है। 1998 बैच के आईपीएस भगवान एस. श्रीवास्तव अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं के पद पर बने रहेंगे। उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक अपराध का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आलोक राज नारायण को सहायक पुलिस अधीक्षक हरदोई से अपर पुलिस अधीक्षक मथुरा बनाया गया है। तबादला सूची में शामिल अधिकारियों को नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद कई जिलों में नए पुलिस कप्तान अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। खासतौर पर मुजफ्फरनगर में नए एसएसपी सूरज कुमार राय की तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर अब नई टीम के साथ आगे की रणनीति पर नजर रहेगी।














Leave a Reply