abhitak india

abhitakindia.com

चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

मुजफ्फरनगर। जानसठ थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक ने तत्काल ट्रक रोककर नीचे छलांग लगा दी और किसी तरह अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर धू-धूकर जल रहे ट्रक से उठता धुआं और आग की ऊंची लपटें देखकर राहगीरों में भी हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में ट्रक का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में चालक के सुरक्षित बच निकलने के कारण किसी जनहानि की सूचना नहीं है। बताया गया कि ट्रक जानसठ से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ, जिसमें ट्रक को आग की लपटों में घिरा दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *