abhitak india

abhitakindia.com

मंगल कलश यात्रा के साथ होगा कथा का शुभारंभ

मुजफ्फरनगर। नगर की श्रद्धालु महिलाओं की ओर से धार्मिक आयोजन की दिशा में पहली बार अनूठी पहल की जा रही है। ‘श्यामा-श्याम जी की सखियों’ की ओर से 16 से 23 सितंबर तक आशीर्वाद बैंकट हॉल में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा व्यास हिमेश शास्त्री जी महाराज कथा का वाचन करेंगे। आयोजन की शुरुआत 16 सितंबर को मंगल कलश यात्रा के साथ होगी।
आयोजकों के अनुसार बुधवार, 16 सितंबर को सुबह 8:30 बजे शिव दुर्गा मंदिर, लक्ष्मण विहार से मंगल कलश यात्रा निकलेगी, जो कथा स्थल आशीर्वाद बैंकट हॉल पहुंचेगी। इसके बाद प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा में भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं, भक्त चरित्रों और भगवान के अवतारों का वर्णन किया जाएगा। 16 सितंबर को श्रीमद्भागवत महात्म्य के साथ कथा का शुभारंभ होगा। इसमें राजा परीक्षित को श्राप, शुकदेव जी के आगमन और कथा के महत्व का वर्णन किया जाएगा। इसी दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का विशेष आयोजन भी होगा। 17 सितंबर को श्री शुक-परीक्षित चरित्र, मनु-कर्दम चरित्र, वराह अवतार और कपिलोपदेश की कथा सुनाई जाएगी। 18 सितंबर को श्री सती चरित्र, ध्रुवाख्यान, जड़भरत चरित्र, अजामिलोद्धार और नृसिंह अवतार का प्रसंग होगा। 19 सितंबर को गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार और श्रीराम चरित्र के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 20 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन लीला, छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव का प्रसंग श्रद्धालुओं को सुनाया जाएगा 21 सितंबर को रासलीला और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी मंगल विवाह का प्रसंग कथा का प्रमुख आकर्षण रहेगा। 22 सितंबर को सुदामा चरित्र, भागवत धर्म, उद्धवोपदेश और श्रीमद्भागवत कथा सार के साथ कथा विश्राम होगा। 23 सितंबर को कथा आयोजन के समापन अवसर पर हवन, प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण और धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने का आह्वान किया है। कथा व्यास हिमेश शास्त्री जी महाराज प्रसिद्ध कथावाचक और संत हैं। वह श्रीमद्भागवत कथा और श्री राम कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान, भक्ति और नैतिक जीवन का संदेश देते हैं। उनके प्रवचनों में जीवन को संस्कारवान बनाने, चरित्र निर्माण और भगवान की भक्ति में मन लगाने पर विशेष जोर रहता है। आयोजक महिलाओं ने बताया कि नगर में पहली बार ‘श्यामा-श्याम जी की सखियों’ की ओर से इस प्रकार का सामूहिक धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और कथा स्थल पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *