abhitak india

abhitakindia.com

बुढ़ाना रोड पर गोल्डन हार्ट स्कूल के बराबर निर्माण का मामला, शिकायत के बाद जेई ने की थी नोटिस की कार्रवाई

खतौली। बुढ़ाना रोड स्थित गोल्डन हार्ट स्कूल के बराबर करीब 400 गज भूमि पर कथित व्यावसायिक निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय युवक की शिकायत के बाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के निर्देश पर कैंप कार्यालय के जेई ने मौके पर नोटिस की कार्रवाई कर निर्माण रुकवाने का दावा किया था। इसके बावजूद दोबारा निर्माण शुरू होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, निर्माण को लेकर एक युवक ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से शिकायत की थी। शिकायत में निर्माण को प्राधिकरण के नियमों के विपरीत बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर कैंप कार्यालय के जेई ने मौके पर पहुंचकर नोटिस जारी किया था और निर्माण कार्य रुकवाया गया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नोटिस की कार्रवाई के बाद भी अकलीम नामक व्यक्ति द्वारा निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया गया। लोगों का कहना है कि मौके पर निर्माण गतिविधियां जारी हैं। इससे प्राधिकरण की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।मामले में एक कथित इंजीनियर की भूमिका को लेकर भी शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि निर्माण रोकने की कार्रवाई की गई थी तो उसके बाद दोबारा निर्माण कैसे शुरू हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है।स्थानीय लोगों ने विकास प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर निर्माण की वैधता की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि निर्माण स्वीकृत मानचित्र के अनुसार है या नहीं, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि नियमों का उल्लंघन मिलता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *