मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में युवक राकिब की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर राकिब को नशीली दवा दी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो नशीली गोलियां और उनके रेपर बरामद किए हैं। शनिवार को एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया।एसपी देहात संजय महादिक के अनुसार, आठ सितंबर को राकिब के पिता ने रतनपुरी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्रवधू तबस्सुम ने अपने कथित प्रेमी शाहरूख के साथ मिलकर उनके बेटे राकिब को नशीली दवा दे दी थी। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। शनिवार को पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित तबस्सुम और शाहरूख को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो नशीली गोलियां और उनके रेपर बरामद किए। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तबस्सुम पुत्री शकील, पत्नी स्वर्गीय राकिब, ग्राम हुसैनाबाद भनवाड़ा थाना रतनपुरी की निवासी है। उसका कथित प्रेमी शाहरूख पुत्र मतलूब ग्राम हमजागढ़, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर का रहने वाला है। दोनों के खिलाफ रतनपुरी थाने में हत्या से संबंधित मुकदमा दर्ज है। चार सदस्यीय टीम ने की गिरफ्तारी आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक किशनपाल यादव, उपनिरीक्षक शैलेंद्र चौधरी, आरक्षी चंद्रवीर कुमार और महिला आरक्षी रेनू कुमार शामिल रहे। कार्रवाई क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह और थाना प्रभारी रतनपुरी राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई।














Leave a Reply