abhitak india

abhitakindia.com

सपा सांसद हरेंद्र और पंकज गिरफ्तार, कई सौ नेता रहे नजरबंद

मुजफ्फरनगर/मेरठ । सीजेपी आंदोलन के लिए जंतर-मंतर कूच के दौरान सपा सांसद हरेंद्र मलिक और उनके विधायक बेटे पंकज मलिक को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। शामली में भाकियू नेता मास्टर जाहिद समेत कार्यकर्ताओं को रोका गया। मुजफ्फरनगर में विपक्ष के कई नेताओं को दो दिन से घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित सीजेपी आंदोलन को लेकर मेरठ जोन की पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया था। पहले दिन राहुल गांधी के आंदोलन को लेकर जिलों के कांग्रेस के प्रभावी नेताओं को नजर बंद किया था।मुजफ्फरनगर के सपा सांसद हरेंद्र मलिक और उनके विधायक बेटे पंकज मलिक को शनिवार को दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने जाते समय पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शामली में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री मास्टर जाहिद समेत कार्यकर्ताओं को एक शिक्षण संस्थान में रोका गया। वहीं, बागपत रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने चैकिंग अभियान चलाकर कुछ युवकों से पूछताछ की। मुजफ्फरनगर में दिन भर सघन चेकिंग चलती रही। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए अब देश को आगे आना होगा।दिल्ली में शनिवार को होने वाले विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री और पूर्व जिला पंचायत सदस्य मास्टर जाहिद समेत कई कार्यकर्ताओं को शामली पुलिस ने रोक लिया। उन्हें सोंटा रसूलपुर स्थित जेए नेशनल एकेडमी में रोका गया। मास्टर जाहिद ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। उन्होंने लोकतंत्र को कायम रखने की बात भी कही। दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए बागपत पुलिस भी सतर्क रही। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने कुछ युवकों को रोककर उनसे पूछताछ की। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों पर नजर रखने के साथ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाई। प्रदर्शन को लेकर मेरठ में भी प्रमुख हाईवे, जिले की सीमाओं और टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। मेरठ जोन में विपक्षी दलों, किसान संगठनों और सामाजिक संगठनों के 100 से अधिक नेताओं को नजरबंद किए जाने की खबरें है। फिलहाल दिल्ली पुलिस की सख्ती के चलते सीजेपी आंदोलन परवान नहीं चढ़ पाया है। सीजेपी के कई सो सो सर्थकों को हिरासत में लिए जाने की खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *