खतौली। भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान और बिजनौर जनपद के मूल निवासी राहुल चौधरी ने कहा कि यदि भविष्य में उन्हें राजनीति के माध्यम से जनसेवा करने का उचित अवसर मिला तो वह इसे नहीं गंवाएंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति ऐसा माध्यम है, जिसके जरिये आमजन की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जा सकता है। हालांकि, वर्तमान में वह भारत सरकार के आयकर विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राहुल चौधरी बुधवार को खतौली से गुजरते समय पानीपत-खटीमा राजमार्ग स्थित एक होटल पर कुछ देर विश्राम के लिए रुके थे। उनके वहां रुकने की जानकारी क्षेत्र के युवाओं को मिली तो उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में युवा होटल पहुंच गए। भाजपा के युवा नेता माधव ठकराल के नेतृत्व में क्षेत्र के युवाओं ने राहुल चौधरी का स्वागत किया और उनसे मुलाकात कर खेल, समाजसेवा और युवाओं के भविष्य को लेकर चर्चा की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में राहुल चौधरी ने कहा कि उनके परिवार की आस्था शुरू से ही राष्ट्रीय लोक दल में रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि राजनीति के क्षेत्र में जनसेवा का अवसर मिलता है तो वह निश्चित रूप से उसे स्वीकार करेंगे। उनके अनुसार, राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए काम करने का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। राहुल चौधरी ने कहा कि राजनीतिक आदर्श के तौर पर वह राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देखते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया है। खेल से जुड़े होने के कारण वह स्वयं भी मानते हैं कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज का युवा एक ओर मोबाइल फोन की बढ़ती लत में फंसता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशे की प्रवृत्ति भी तेजी से चिंता का विषय बन रही है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाते देख उन्हें बेहद दुख होता है। उन्होंने सरकार से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने की अपील की। राहुल चौधरी ने युवाओं को करियर को लेकर भी महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि 18 से 24 वर्ष की आयु किसी भी युवा के जीवन में बेहद महत्वपूर्ण होती है। यही वह समय है जब युवा अपने भविष्य और करियर की मजबूत नींव तैयार कर सकता है। इसलिए इस आयु वर्ग के युवाओं को पूरी तरह अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस उम्र में अनावश्यक रूप से राजनीति या किसी अन्य संगठन की गतिविधियों में अपना अधिक समय नहीं लगाना चाहिए। पहले उन्हें अपने करियर में सफल होने का प्रयास करना चाहिए। जब युवा अपने पैरों पर खड़ा हो जाए और अपने क्षेत्र में सफलता हासिल कर ले, तब वह सामाजिक या राजनीतिक क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे सकता है। पूर्व कबड्डी कप्तान ने कहा कि युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से बचाने के लिए उन्हें खेलों तथा सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। खेल न केवल युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने अभिभावकों और समाज के जिम्मेदार लोगों से भी युवाओं की गतिविधियों पर ध्यान देने और उन्हें सही दिशा दिखाने का आह्वान किया। राहुल चौधरी के साथ क्षेत्र के युवाओं ने खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने को लेकर भी चर्चा की। इस दौरान शहर में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे गुप्ता स्पोर्ट्स के निदेशक एकांश गुप्ता, समाजसेवी अधिराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














Leave a Reply