पुरकाजी। खाईखेड़ी से तुगलकपुर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर हालत से ग्रामीण और किसान परेशान हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। किसानों का आरोप है कि शिकायतों और लिखित पत्राचार के बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले सड़क दुरुस्त नहीं होने पर किसानों ने अक्टूबर के अंत में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
गांव खाईखेड़ी निवासी भाकियू (टिकैत) के जिला सचिव संजय त्यागी ने बताया कि खाईखेड़ी-तुगलकपुर मार्ग की समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चरण सिंह सभागार में कई बार लिखित पत्र दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते सड़क लगातार बदहाल होती जा रही है। किसानों ने बताया कि अक्टूबर के आखिर में उत्तम चीनी मिल खाईखेड़ी में गन्ने का पेराई सत्र शुरू होने की संभावना है। क्षेत्र के पांच से अधिक गांवों का गन्ना इसी मार्ग से होकर चीनी मिल तक पहुंचाया जाता है। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और भैंसा-बुग्गी से गन्ना लेकर मिल जाते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहनों के पलटने और हादसे होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले भी कई किसान इस बदहाल सड़क के कारण दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। किसानों ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र शुरू होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही और बढ़ जाएगी। ऐसे में सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। भाकियू नेता संजय त्यागी ने चेतावनी दी कि अक्टूबर में गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले सड़क को गड्ढामुक्त करने के साथ ही चौड़ीकरण की कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो किसान भाकियू के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया जा सकता है।














Leave a Reply