abhitak india

abhitakindia.com

उत्तराखंड आंदोलन में शहीद एक-एक आंदोलनकारी की लगेगी मूर्ति

मुजफ्फरनगर। रामपुर तिराहा कांड की बरसी पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर आए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि शहीद सैनिकों की तर्ज पर उत्तराखंड आंदोलन में शहीद एक-एक आंदोलनकारी की मूर्ति स्थापित की जाएगी। इसी कड़ी में आज रामपुर तिराहा कांड के शहीदों के लिए मूर्ति स्थल का शिलान्यास भी किया। सीएम धामी ने शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए संकल्प जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशन में उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जाएगा।
रामपुर तिराहा कांड की 32वी बरसी पर शुक्रवार को रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित किया गई थी। बता दे कि पृथक राज्य की मांग को लेकर दिल्ली जा रहे उत्तरांखड के आंदोलनकारियों पर पुलिस ने बर्बरता की थी। लाठाचार्ज और गोलियां चलाने के साथ महिलाओं की अस्मत को लूटा गया था। मुजफ्फरनगर के पुलिस लाइन में हैलीकाप्टर से उतरे सीएम धामी की राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अगवानी की। यहां से सीएम का काफिला सड़क मार्ग से रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पहुंचा, जहां पर सीएम ने शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी दौरान शहीद स्मारक के लिए जमीन उपलब्ध कराने वाले स्वर्गीय महावीर शर्मा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। शर्मा के बेटे पप्पू शर्मा की तरफ सीएम धामी को अंग वस्त्र भेंट किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में अपने प्राणों की आहुति देने वाले आंदोलनकारियों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है, क्योंकि उनके बलिदान की बदौलत की उन्हें यह राज्य मिला है। लंबे आंदोलन के कारण यूपी में उस समय समाजवादी पार्टी की क्रूर और तानाशाह सरकार थी। सपा शासन में ही रामपुर तिराहा, खटीमा और मसूरी कांड हुआ, जहां पर निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोलियां बरसाई गई। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का साकार करना सरकार की पहली प्राथमिकता है।
सीएम धामी ने कहा कि शहीद सैनिकों की तर्ज पर ही उत्तराखंड आंदोलन में अपनी जान गंवाने वाले आदोलनकारियों की उनके गांव और मौहल्ले में मूर्ति स्थापित की जाएगी, ताकि नई पीढ़ी को शहीद आंदोलनकारियों का संज्ञान रहे। रामपुर तिराहा शहीद स्मारक से इसकी शुरूआत की जा रही है। प्रदेश के 1843 सैनिकों की मूर्ति स्थापित करने संबंधी आदेश जारी हो गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार छोटे और बड़े भाई की भूमिका में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में सूबे में माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त कर कानून का राज स्थापित किया गया। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिजनों के कल्याण को लागू की गई योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, एमएलसी वंदना वर्मा, पूर्व विधायक अशोक कंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, श्रीमोहन तायल, उद्यमी सत्यप्रकाश रेशु, राज्यमंत्री मधु भट्ट, रूड़की जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल आदि इस दौरान मौजूद रहे।

धामी और कपिल देव ने की एक दूसरे की तारीफ
मुजफ्फरनगर। श्रद्धांजलि सभा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने एक दूसरे की तारीफ की। दरअसल राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने गंगा एक्सप्रेस को हरिद्वार से जोड़ने और रेपिड टेªन को त्रषिकेश लाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वो लगातार इसके लिए प्रयासरत है। गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहमति दे दी है। यदि रेपिड के लिए मुख्यमंत्री धामी भी गंभीरता से प्रयास करे तो उत्तराखंड और यूपी के लिए फायदा होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने भी मंत्री कपिल देव अग्रवाल की कार्यशैली और बेहतर व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि रेपिड के लिए वो भी लगातार प्रयास कर रहे है, ताकि महत्वकांक्षी योजना को दिल्ली से त्रषिकेश तक जोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *