abhitak india

abhitakindia.com

सपाइयों और पुलिसकर्मियों में खूब हुई जोर आजमाइश

मुजफ्फरनगर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर चल रहे देश व्यापी आंदोलन के बीच समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुजफ्फरनगर में जमकर प्रदर्शन किया। ज्ञानेश कुमार के पुतले को लेकर सपा और पुलिसकर्मियों के बीच जोर आजमाइश हुई। पुलिस सपाइयों से दो पुतले छीनने में कामयाब रही। बाद में सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के फोटो को सांकेतिक रूप से जलाया। विधायक पंकज मलिक ने कहा कि सपा कार्यकर्ता पुलिस की जुल्म ज्यादती के आगे न तो कभी झुका है और न ही झुकेगा।
प्रदेश हाईकमान के आह्नान पर चरथावल विधायक पंकज मलिक, सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष पुष्पेन्द्र उर्फ बॉबी त्यागी, गौरव जैन की अगुवाई में सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर में मार्च कर प्रदर्शन किया। दरअसल विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देश भर में आंदोलन कर रहा है। इसी कड़ी में सपा ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन और पुतला दहन की घोषणा की थी। पूर्वान्ह में कार्यकर्ता महावीर चौक स्थित पार्टी कार्यालय से एक जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए निकले। कार्यकर्ता वोट चोर गद्दी छोड़, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा आदि नारे लगाते चल रहे है। सपाइयों ने पहले प्रकाश चौक पर पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मी सपा कार्यकर्ताओं के हाथों से पुतला छीनकर ले गए। सपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच जोर आजमाइश हुई।
प्रदर्शन के दौरान दूसरी बार भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने का प्रयास भी पुलिस ने विफल कर दिया। इसके बाद कार्यकर्ता कचहरी गेट स्थित डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे, जहां पर काफी देर पुलिस और सपाइयों के बीच गहमागहमी चलती रही। पुतला जलाने में विफल रहे सपा कार्यकर्ताओं ने आखिर में ज्ञानेश कुमार का फोटो जलाकर औपचारिकता पूरी की।

महिला कार्यकर्ताओं से अभद्रता का आरोप
मुजफ्फरनगर। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर मुजफ्फरनगर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। आरोप लगाया कि देश भर में मतदाता सूची से हटाए गए 12 करोड़ मतदाताओं को सूची से बाहर किया गया है, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई तस्वीर साफ नहीं की है। आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन के दौरान महिला विंग से अभद्रता की है।

वोट चोरी करने वाली सरकार होगी विदा
मुजफ्फरनगर। सपा विधायक पंकज मलिक ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए रविवार को पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन किया गया। उन्हांेने आरोप लगाया कि यह पूरी तरह साफ हो चुका है कि भाजपा ने वोट चोरी करके अपनी सरकार बनाई है। इसलिए वोट चोरी करने वाली सरकार को विदा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में पीडीए की सरकार बनने वाली है। मलिक ने कहा कि सपा संविधान बचाने के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार है।

देश की जनता से किया विश्वासघात
मुजफ्फरनगर। सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक दल की कठपुतली बनकर देश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। नैतिकता के आधार पर उन्हें अपने पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर प्रदेश के सपा जिला मुख्यालय पर आज पुतला दहन किया गया है। पुलिस अपना काम करेगी और सपा कार्यकर्ता अपना काम करेेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *