मुजफ्फरनगर। नशा मुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के तहत शनिवार को इंडियन पोटाश लिमिटेड की शुगर यूनिट रोहाना कलां में नशामुक्ति को लेकर सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मिल गेट पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन ‘विकसित भारत की ओर एक सशक्त कदम’ तथा दादी प्रकाशमणी जी की पावन स्मृति में चलाए जा रहे ‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के अंतर्गत किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से बीके लक्ष्मी दीदी ने शुगर यूनिट रोहाना कलां के यूनिट हेड लोकेश कुमार सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे। साथ ही अपने परिवार, परिचितों और समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रतिब(ता जताई। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बीके बृज मोहन त्यागी, बीके अरविंद सिंह, बीके मदन मोहन और बीके राकेश कुमार समेत अन्य प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशे से दूरी बेहद जरूरी है। नशामुक्त जीवन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और सामाजिक वातावरण को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। कार्यक्रम में वीर सैन, आरके तिवारी, आरके पांडेय, पंकज शर्मा, एनके रस्तोगी, अमित त्यागी, दीप्तिमान त्यागी, जसमेंद्र सिंह और पवनेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और स्वयं तथा अपने परिवार को नशे से सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। शुगर यूनिट रोहाना कलां में आयोजित सामूहिक शपथ कार्यक्रम इसी दिशा में एक जागरूकतापूर्ण पहल रहा।












Leave a Reply