मुजफ्फरनगर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय सहित जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र व समाज के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बलिदान को नमन किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को उन वीर पुलिसकर्मियों की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा एवं कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन जवानों के सर्वाेच्च बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा आदि अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुष्पचक्र एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान एसएसपी ने पुलिस महानिदेशक के संदेश से सभी पुलिसकर्मियों को अवगत कराते हुए विगत एक वर्ष में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों की शौर्य गाथा बताई।













Leave a Reply