मुजफ्फरनगर। भगवान विश्वकर्मा शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों ने 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की शोभायात्रा निकालने की अनुमति को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। समिति ने बताया कि विश्वकर्मा चौक पर वर्षों से शोभायात्रा, भंडारे और प्रात:कालीन यज्ञ का आयोजन किया जाता रहा है।
समिति के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि विश्वकर्मा समाज की ओर से 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा चौक, भोपा रोड से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों के संचालन और व्यवस्था के लिए विश्वकर्मा चौक समिति गठित है। समिति के अनुसार पूर्व में सभी कार्यक्रम आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ संपन्न होते रहे हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पिछले वर्ष समाज के कुछ लोगों ने अलग से ट्रस्ट का गठन कर दिया, जिससे समाज के बीच मतभेद की स्थिति उत्पन्न हुई है। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि उन्होंने संबंधित लोगों से बातचीत कर आपसी सहमति से आयोजन कराने का प्रयास किया, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। समिति ने जिलाधिकारी से मांग की कि पूर्व की परंपरा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भगवान विश्वकर्मा शोभायात्रा समिति को 17 सितंबर को शोभायात्रा, यज्ञ और भंडारे के आयोजन की अनुमति प्रदान की जाए। साथ ही आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन देने वालों में समिति अध्यक्ष मुकेश कुमार धीमान, उपाध्यक्ष नाथीराम धीमान, महामंत्री नरेश पांचाल विश्वकर्मा और कोषाध्यक्ष संदीप कुमार धीमान सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।




Leave a Reply