खतौली। जीटी रोड स्थित आर्यन बैंक्वेट हॉल में आयोजित डांडिया नाइट में रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। रा वाइब मैचर्स के तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में रैंप वॉक, ग्रुप डांस और मिस डांडिया नाइट प्रतियोगिता ने खूब आकर्षित किया। डांडिया की पारंपरिक धुनों पर थिरकते प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवीण ठकराल, सतीश कंसल, कमल गर्ग, दीनदयाल शर्मा और चंद्रकांत सहगल ने संयुक्त रूप से की। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. कविता नागर और संगीता अग्रवाल ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, पारंपरिक वेशभूषा, प्रस्तुति और मंच पर प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया। रैंप वॉक प्रतियोगिता में अगम्या ने पहला, वामिका ने दूसरा और देविका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दूसरे समूह में प्रियांशी प्रथम, स्पृहा द्वितीय और वीरा राठौर तृतीय स्थान पर रहीं। डांस प्रतियोगिता में नित्या और स्पृहा की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। पवित्रा डांस स्टूडियो दूसरे और पीहू व अग्रणी की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। मिस डांडिया नाइट प्रतियोगिता में सोनिया सिंघल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवानी गौतम दूसरे और प्रीति वर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों और निर्णायक मंडल ने विजेताओं को पुरस्कार और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक मेलजोल बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का भी माध्यम बनते हैं।











Leave a Reply