abhitak india

abhitakindia.com

पीईटी परीक्षा केंद्रों पर डीएम और एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा ;पीईटीद्ध-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रविवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी परखने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और स्ट्रांगरूम की सुरक्षा व्यवस्था भी जांची।


जिलाधिकारी और एसएसपी ने चौधरी छोटूराम कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, डीएवी डिग्री कॉलेज और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता और ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद स्ट्रांगरूम का निरीक्षण कर वहां सुरक्षा के इंतजाम परखे। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जाए और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी और एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की नियमानुसार चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाए। निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया जाए। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर नजर रखी जाए और केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए। अधिकारियों ने कक्ष निरीक्षकों और परीक्षा से जुड़े अन्य प्रशासनिक कर्मचारियों को भी परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने को कहा। सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने और अभ्यर्थियों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी और एसएसपी ने निर्देश दिए कि परीक्षा देने पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र तक आने-जाने और परीक्षा में शामिल होने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता परीक्षा को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना और पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *