abhitak india

abhitakindia.com

छात्राओं को बनाया थाना प्रभारी और जनसुनवाई अधिकारी

मुजफ्फरनगर। जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेस-6.0 अभियान के अंतर्गत थाना शाहपुर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जयवंती हायर सेकेंड्री स्कूल की छात्राओं को थाना शाहपुर का भ्रमण कराने के साथ थाना प्रभारी और जन सुनवाई अधिकारी बनाया गया। शाहपुर थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह द्वारा मिशन शक्ति टीम के साथ छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं और कानून- व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को प्रोत्साहित करने एवं उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से मेधावी छात्रा अरीना को एक दिन का थाना प्रभारी, छात्रा सोफिया को वरिष्ठ उप निरीक्षक तथा छात्रा नसरा को जनसुनवाई अधिकारी बनाया गया। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को पुलिस की जिम्मेदारियों, जनसमस्याओं के निस्तारण तथा आमजन के प्रति पुलिस के दायित्वों को करीब से समझने का अवसर प्राप्त हुआ। एक दिन की थाना प्रभारी बनी छात्रा की उपस्थिति में नसुनवाई की गई, जिसमें आमजन की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान जनसुनवाई की प्रक्रिया, शिकायतों को दर्ज करने, उनकी प्रकृति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में पुलिस की भूमिका के संबंध में छात्राओं को जानकारी दी गई। इस गतिविधि का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें निर्णय लेने की क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व के गुणों को विकसित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम द्वारा छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा आवश्यकता पड़ने पर अपने परिजनों एवं विश्वसनीय व्यक्तियों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि जागरूकता, सतर्कता एवं समय पर शिकायत करना अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *