मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित जैन कन्या इंटर कॉलेज में इनर व्हील क्लब चैंबर की ओर से छात्राओं के लिए आत्मरक्षा जागरूकता एवं सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के लिए जरूरी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
ताइक्वांडो प्रशिक्षक वेद प्रकाश शर्मा और अभिषेक शर्मा अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुंचे। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी देने के साथ उनका प्रायोगिक अभ्यास भी कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करना चाहिए। क्लब अध्यक्ष श्वेता गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाओं का आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण छात्राओं में न केवल सुरक्षा की भावना पैदा करता है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करता है। क्लब का प्रयास है कि बालिकाएं हर परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना करने में सक्षम बनें। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष श्वेता गोयल के अलावा निधि शर्मा, अंजू जलोत्रा, नीशा संगल, चेतना सेठी, मधु गोयल और अंजली गुप्ता मौजूद रहीं। शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय की प्रधानाचार्या किरण देवी का विशेष सहयोग रहा। क्लब पदाधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन और प्रशिक्षक टीम का आभार जताया।




Leave a Reply